
उज्जैन में कार्रवाई, नगर निगम ने माफिया के घर को जेसीबी से किया ध्वस्त
उज्जैन में अवैध कारोबारी और माफियाओं के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन चलाया गया। मंगलवार को नीलगंगा क्षेत्र के अंबर कॉलोनी में माफिया अनुराग उर्फ अन्नू के अवैध मकान को तोड़ दिया गया। पुलिस और प्रशासन ने निगम की टीम के साथ मकान पर पहले हथौड़ा फिर जेसीबी चलाई। माफिया पर 11 से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज हैं। हाल ही में उस पर रासुका की कार्रवाई की गई है। अभी वह अपराधी फरार चल रहा है।
उज्जैन में पुलिस ने बदमाशों की लिस्ट बनाई है। बदमाशों को आर्थिक स्थिति कमजोर करने के उद्देश्य से इनके मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। नगर निगम की टीम ने आरोपी अनुराग के मकान को पहले हथौड़े से फिर जेसीबी की मदद से जमींदोज किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा।
आरोपी पर नीलगंगा थाने में 11 से ज्यादा केस दर्ज हैं। इसके खिलाफ हत्या की कोशिश, मारपीट, अवैध हथियार रखना, जुआ, चोरी, नकबजनी, अवैध वसूली, धमकाना, अवैध शराब बिक्री, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। अपराधी का क्षेत्र में इतना आतंक है कि उसके खिलाफ रिपोर्ट करने में भी लोग डरते हैं।