
9 जुलाई को भारत में राष्ट्रीय शोक की घोषणा
नई दिल्ली। 08/जुलाई/2022
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए नौ जुलाई को एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आज पूरा भारत जापान के साथ शोक में है और हम इस कठिन घड़ी में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के प्रति हमारे गहरे सम्मान के प्रतीक के रूप में, 9 जुलाई 2022 को एक दिन का राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा।”
गृह मंत्रालय ने की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जापान के पूर्व प्रधान मंत्री शिंजो आबे का आज निधन हो गया। दिवंगत नेता के सम्मान में भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि कल (9 जुलाई) को पूरे भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक होगा। पूरे भारत में शोक के दिन राष्ट्रीय ध्वज उन सभी भवनों पर आधा झुका रहेगा जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है और इस दिन मनोरंजन से जुड़ा कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं होगा।