
मां ने अपनी फूल सी बच्ची को जिंदा जलाकर मार डाला, पति के अवैध सम्बन्धों से थी नाराज
रांची, 18 मार्च 2021 झारखंड की राजधानी रांची से हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है। एक मां ने अपनी ही डेढ़ साल की फूल सी बेटी को बड़ी निर्ममता से जिंदा जला दिया। पकड़े जाने के बाद उसने पुलिस को बताया कि हैवानियत भरा यह कदम उठाने के पीछे की वजह उसके पति के अवैध सम्बन्ध हैं जिनसे वह बुरी तरह परेशान हो चुकी थी।
महिला के अपनी ही बेटी को इस तरह मौत के घाट उतारने से हर कोई सन्न रह गया है। मिली जानकारी के अनुसार रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में यह घटना हुई है। क्षेत्र के सताकी भेल्वा टीकर गांव में गुरुवार डेढ़ साल की एक बच्ची को उसकी ही मां ने आग में जलाकर मौत के घाट उतार दिया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस वहां बच्ची का जला हुआ शव मिला। गांववालों ने बताया कि बच्ची का नाम राधिका जबकि उसे मौत के घाट उतार देने वाली मां का नाम सुनीता देवी है। पिता का नाम भवेश्वर महतो है।
प्रारम्भिक जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि राधिका की हत्या उसकी मां ने ही कर दी। पूछताछ में मां ने पुलिस को बताया कि उसके पति का सम्बन्ध दूसरी महिला के साथ था। उसकी वजह से उसने अपनी बेटी को राधिका को मार डाला। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पति और गांववालों से पूछताछ कर घटना के अन्य पहलुओं को सामने लाने की कोशिश की जा रही है।