
एक ‘पागल’ की वजह से ताजमहल में मच गई थी अफरातफरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी मारने की धमकी दी थी
आगरा। ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक कुछ घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक को फिरोजाबाद से पकड़ा गया है। उसने 112 नंबर पर फोन कर कहा था कि ताजमहल के अंदर बम लगा दिया गया है। ताजमहल को टाइम बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी मारने की धमकी दी थी।
आगरा जोन के एडीजी सतीश गणेश ने कहा कि गिरफ्तार युवक की पहचान विमल कुमार सिंह के रूप में हुई है। उसे हिरासत में लेते हुए पूछताछ हो रही है। प्रथमदृष्टया युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त (पागल) लग रहा है। उसका इलाज भी चल रहा है। पुलिस यह जानने की कोशिश में लगी है कि उसने कॉल क्यों किया। फिलहाल पौने दो घंटे बाद ताजमहल को दोबारा पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि पकड़ा गया विमल कुमार सिंह कासगंज के पटियाली का रहने वाला है। इन दिनों अपनी नानी के घर फिरोजाबाद के नरखी के ओकहा गांव में रहता था।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब नौ बजे 112 नंबर पर कॉल आते ही पुलिस फास्ट हो गई। उस दौरान ताजमहल परिसर में करीब 1000 पर्यटक थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद पर्यटकों को दोबारा परिसर में जाने की इजाजत दे दी गई।
वीआईपी मूवमेंट की दी गई जानकारी
उन्होंने बताया कि परिसर को खाली कराते समय किसी तरह की अफरातफरी न मचे इसलिए पर्यटकों को बताया गया कि कोई वीआईपी आ रहा है। इसलिए ताजमहल को बंद किया जा रहा है। पर्यटकों के परिसर से निकलने के बाद पूर्वी और पश्चिमी गेट को बंद कर दिया गया।
छानबीन के बाद जब कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली और इसका यकीन हो गया कि कॉल केवल अफवाह थी, तो सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद ताजमहल की देखरेख करने वाली एएसआई और सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ ने 11.15 पर परिसर के गेटों को आम लोगों के लिए खोल दिया।
एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पकड़े गए युुवक ने यह भी कहा कि वह सेना में भर्ती होना चाहता था लेकिन नहीं हो सका। इस कारण उसने घटना को अंजाम दिया है।