
खेलों से मानसिक रूप से मजबूत होते हैं- कलेक्टर
शाजापुर। खेलों से खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत होते हैं। खिलाड़ी त्वरित निर्णय लेने में सक्षम होते हैं। यह बात कलेक्टर दिनेश जैन ने आज जिला स्तरीय मलखम्ब प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कही। इस मौके पर प्रदेश के मलखम्ब एसोसिएशन अध्यक्ष सोनू गेहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरएस प्रजापति, जिला मलखम्ब एसोसिएशन अध्यक्ष विवेक दुबे, पुलिस निरीक्षक अनिल पुरोहित, नवीन राठौर, महेन्द्र मोहन सोनी, द्रोणाचार्य पुरस्कार प्राप्त मलखम्ब प्रशिक्षक योगेश मालवीय सहित मलखम्ब खिलाड़ी एवं उनके माता पिता उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर जैन ने संबोधित करते हुए कहा कि मलखम्बर खेल से शाजापुर जिले का नाम रोशन हो रहा है। यहां के प्रशिक्षक मालवीय मलखम्ब के लिए अच्छा प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ियों का प्रदर्शन श्रेष्ठ है। कलेक्टर ने कहा कि मलखम्ब कठिन, रोचक और अद्भुत खेल है। योग एवं खेल से शरीर में रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे शरीर स्वस्थ रहता है। यही कारण है कि कोरोना काल में भी खिलाड़ी स्वस्थ रहे। कोरोना काल में मलखम्ब खिलाड़ियों ने लोगों को योग सिखाकर कोरोना से बचाने का प्रशंसनीय कार्य किया। खेलों के प्रति अब आमजन का नजरिया बदल रहा है। आज छोटी-छोटी जगह से निकलकर अपनी प्रतिभा के बल पर खिलाड़ी शिखर पर पहुंच रहे हैं। खेलों को सरकार एवं विद्यालयों एवं महाविद्यालयों द्वारा भी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जिले में मलखम्ब को बढ़ावा देने के लिए सभी प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी माता-पिता के साथ देश का नाम भी रोशन करें और अच्छा स्थान प्राप्त करें।