
भैंस के बाद बोलने वाले तोते ने यूपी पुलिस की नाक में किया दम, इनाम भी हुआ घोषित
अलीगढ़, 11 मार्च 2021 भैंस के बाद इन दिनों अफ्रीकन तोते ने यूपी पुलिस की नाक में दम कर रखा है। दो मार्च की सुबह से बोलने वाला एक तोता लापता है। पीड़ित परिजनों ने थाना क्वार्सी में गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद 10 हजार रुपए का इनाम रखते हुए शहरभर में पोस्टर भी लगवा दिए हैं। सोशल मीडिया पर भी तोते का पता लगाने की अपील की जा रही है।
अलीगढ़ की क्वार्सी थाना क्षेत्र के रमेश विहार के मकान नंबर-206 निवासी सरोज सिंह ने तोते के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। सरोज सिंह ने बताया कि उसकी पुत्रवधू सौम्या ने अफ्रीकन नस्ल का बोलने वाला तोता दो साल पहले 40 हजार रुपए में ऑनलाइन खरीदा था। उस समय पुत्रवधु बेंगलुरु में रहती थी। पिछले दिनों लंदन की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पद पर नौकरी लगने के बाद वह तोते को रमेश विहार स्थित घर पर देकर चली गई। दो मार्च को तोता घर से लापता हो गया।
तोता भूरे रंग का है और लाल है इसकी पूंछ
इंसानी बोली बोलने वाले इस तोते का पता बताने वाले के लिए इनाम भी रखा गया है। इस विदेशी तोते का पता बताने वाले को दस हजार रुपए तक इनाम की घोषणा की गई है। इतनी ही नहीं तोते की तलाश के लिए पोस्टर व पैंम्फलेट भी छपवाए गए हैं, जिन्हें लोगों में बांटा जा रहा है ताकि किसी को भी तोता मिले को वो जानकारी दे सकें। इस अफ्रीकन नस्ल के तोते की खासियत यह है कि यह तोता भूरे रंग का है और इसकी पूंछ लाल है। यह आदमी की आवाज में बोलता है। घरवालों के नाम लेता है और सीटी भी बजाता है।