
छात्र-छात्राएँ सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएँ : राज्य मंत्री परमार
भोपाल, 15 मार्च 2021 स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वंतत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में बदलाव होने के बाद छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ नृत्य शास्त्रीय संगीत और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाना चाहिए। राज्य मंत्री श्री परमार शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय भोपाल में आयोजित अनुगूँज कार्यक्रम का शुभारंभ कर रहे थे।
परमार ने कहा कि अनूगूंज 2021 के माध्यम से शासकीय स्कूल के विद्यार्थियों की धारणा बदली है। आने वाले समय में नई शिक्षा नीति में कार्य कर नये संकल्प के साथ तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्ञान आधारित शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए सरकार के साथ-साथ शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के गंभीर प्रयासों की जरूरत है।
राज्य मंत्री परमार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य आदर्श समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में बदलाव के साथ प्रदेश में 10 हजार स्कूलों का निर्माण करवाया जायेगा। पहले वर्ष 350 स्कूल भवनों का निर्माण होगा। शिक्षा के क्षेत्र में कला संस्कृति के सभी विषयों का समावेश कर शिक्षकों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। इससे एक अलग बदलाव का वातावरण देखने को मिलेगा एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार किया जाएगा।