
बाढ़ प्रभावित इलाके में पहुंचे केंद्रीय मंत्री को घेर लोग करने लगे प्रदर्शन; बोले नरेंद्र सिंह- हम मदद की कोशिश कर रहे हैं
हिन्दी समाचार, भोपाल। मध्य प्रदेश में बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने पहुंचे केंद्रीय मंत्री को स्थानीय लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। लगातार हो रही बारिश से मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। इस बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बाढ़ प्रभावित शियोपुर शहर पहुंचे थे। लेकिन केंद्रीय मंत्री के यहां आने के बाद बाढ़ प्रभावित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री को घेर लिया और प्रदर्शन कर लगे। इस विरोध प्रदर्शन का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि केंद्रीय मंत्री नाराज लोगों के बीच मौजूद थे। स्थानीय लोग लगातार नारेबाजी कर रहे थे। इन लोगों का आरोप था कि इस इलाके में जो राहत कार्य चलाए जा रहे हैं वो अपर्याप्त है। वीडियो में नजर आ रहा है कि सुरक्षाकर्मियों लोगों के भीड़ के बीच मौजूद केंद्रीय मंत्री को बड़ी मुश्किल से निकाल रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने के बाद केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ‘ग्वालियर और चंबल जैसे इलाके बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। मैंने स्थानीय लोगों और प्रशासन से मुलाकात की है। हम लोगों की मदद करने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं। हमारी प्राथमिकता है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को खाना और साफ पानी उपबल्ध करवाया जाए। मैं इन लोगों से कहना चाहता हूं कि राज्य सरकार और बीजेपी उनके साथ खड़ी है।’
इधर राज्य में बाढ़ से बने हालात पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 8,832 लोगों को बचाया गया है,वहीं 29,280 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री ने यह बात प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ऑनलाइन संबोधित किया।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से के ग्वालियर और चंबल संभाग में पिछले दिनों हुई भारी बारिश व बाढ़ से अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह ट्वीट कर कहा कि प्रदेश के बाढ़ प्रभावित तीन जिलों से लगभग 40 लोगों को बचाया गया। उन्होंने कहा, ‘मैंने आज सुबह गुना, अशोक नगर और विदिशा जिलों में बाढ़ की स्थिति और वहां चल रहे बचाव कार्यों का जायजा लिया।’
चौहान ने ट्वीट किया कि ‘भारतीय वायुसेना का बचाव अभियान आज सुबह फिर से शुरु हुआ। गांवों में फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के दल भी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह बाढ़ प्रभावित अशोक नगर जिले के बरारी और सिरसोरा गांव से हेलीकॉप्टरों से 15-15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इसी जिले के वसुनिया घाट गांव से छह लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान पर लाया गया है।