
54 साल पहले मेरी दादी ने सरकार गिराई और अब मैंने
भोपाल(एजेंसी) मध्य प्रदेश के अशोक नगर विधानसभा क्षेत्र में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जन विरोधी कार्यों के लिए 54 साल पहले उनकी दादी राजमाता सिंधिया ने डीपी मिश्रा की सरकार गिरा दी थी और 54 साल बाद जन विरोधी नीतियों के चलते ही मैंने कमलनाथ की सरकार गिरा दी।
सिंधिया ने कहा कि वे प्रदेश में 15 वर्षों में शिवराजसिंह चौहान द्वारा किए गए विकास कार्यों की लकीर को और आगे बढ़ाना चाहते थे, लेकिन कमलनाथ सरकार ने ऐसा नहीं होने दिया। इसलिए मैंने उनकी सरकार को गिरा दिया। कार्यकर्ता सम्मेलन में राजपुर मंडल के सभी पदाधिकारियों औऱ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
इस दौरान सिंधिया ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बारे में कहा कि झूठ बोले कौआ काटे, काले कौए से डरियो। सिंधिया ने कहा कि 2018 के चुनाव में ग्वालियर चंबल संभाग से अब तक कि सबसे अधिक सीटें जीती गईं। इसके बावजूद इस क्षेत्र में कोई कार्य नहीं हुआ।
बल्लभ भवन को दलालों के अड्डा बना डाला। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कहा कि कार्यकर्ता सिर्फ मान सम्मान और पहचान चाहता है। कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस मुख्यमंत्री ने एक बार भी अशोकनगर में कदम नहीं रखा, उनको मुख्यमंत्री बनने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेसियों को बस कुर्सी की चिंता रहती है।