
नरोत्तम मिश्रा ने फिर साधा राहुल-दिग्विजय पर निशाना
भाजपा सरकार के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने एकबार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने दिग्विजय को चचा और राहुल को बाबा संबोधित करते हुए कहा कि जो भी कोई हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करता है, ये लोग उन्हें बधाई देने का मौका नहीं चूकते हैं।
पिछले दिनों जिन मुनव्वर फारुक को दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश में शो करने का आमंत्रण दिया था, उनका मुंबई में शो हुआ है और उस पर दिग्विजय सिंह ने उन्हें बधाई दी है। दिग्विजय के मुनव्वर फारुक को बधाई देने पर मंत्री मिश्रा ने कहा कि यह दिग्विजय सिंह और उनके गुरु राहुल गांधी का असल चरित्र है। जो भी हिंदू देवी-देवताओं का अपमान, हिंदू धर्म व हिंदू पर कटाक्ष करता है, उन्हें इन लोगों द्वारा बढ़ावा देने का उद्देश्य रहता है।
गुड गवर्नेंस डे मनाया जाएगा
मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आज से गुड गवर्नेंस डे मनाया जा रहा है और 25 दिसंबर तक यह मनाया जाएगा। इसके तहत जनता की समस्याओं का निवारण करना और प्रशासन को जनता के प्रति उनके दायित्वों का गंभीरता पूर्वक बोध कराना, इस आयोजन का उद्देश्य है। विकास को सर्वांगीण बनाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
तन्खा के नोटिस के बचाव में उतरे मंत्री मिश्रा
ओबीसी आरक्षण को लेकर राज्यसभा सदस्य व वकील विवेक तन्खा के सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री भूपेंद्र सिंह के बचाव में मंत्री नरोत्तम मिश्रा उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि वीडी शर्मा या भूपेंद्र सिंह ने क्या गलत कहा था जो नोटिस दिया और सीएम ने तो कुछ कहा भी नहीं फिर भी नोटिस दे दिया। कांग्रेस अदालत क्यों गई थी, चुनाव में जाना था। कांग्रेस को जनता की अदालत में जाना था, मगर वहां जीत नहीं सकती, इसलिए कांग्रेस के प्रवक्ता व राज्यसभा अदालत में गए थे। अपनी गलती छिपाने के लिए अब नोटिस दिए जा रहे हैं।